कोरोना अपडेट भारत : भारत में कोरोना ठीक होने वालों की संख्या 97 लाख के पार , विश्व में सर्वाधिक

नई  दिल्ली : देश में 24 घंटों के दौरान कोरोना के 23,067  नए मामले मिलने के बाद संक्रमित लोगों की कुल संख्या शुक्रवार को 1,01,46,845 हो गई। इस दौरान 24,661 लोगों के ठीके होने से कोरोना को हराने वालों की संख्या बढ़कर 97 लाख 17 हजार 834 हो गई, जो दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा है। देश में राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ होने की दर 95.77 प्रतिशत हो गई है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत बनी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार एक दिन में संक्रमण से 336 लोगों की मौत होने के बाद महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 1 लाख 47 हजार 92 हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि मौत के 70 प्रतिशत से अधिक मामलों में रोगियों को अन्य बीमारियां भी थीं।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 24 दिसंबर तक कोविड-19 का पता लगाने के लिए कुल 16 करोड़ 63 लाख 5 हजार 762 नमूनों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 9 लाख 97 हजार 396 नमूनों की जांच गुरुवार को की गई।  संक्रमण से मौत के 336 नए मामलों में 89 महाराष्ट्र से, 37 दिल्ली से, 32 पश्चिम बंगाल से और केरल, छत्तीसगढ़ तथा उत्तर प्रदेश से 22-22 मामले आए हैं। देश में अब तक संक्रमण से हुई मौत के कुल मामलों में महाराष्ट्र में 49,058, कर्नाटक में 12,039, तमिलनाडु में 12,036, दिल्ली में 10,384, पश्चिम बंगाल में 9,505, उत्तर प्रदेश में 8,267, आंध्र प्रदेश में 7,089 और पंजाब में 5,260 लोगों की मौत हुई।

Back to top button