कोषागार कर्मचारी बनकर साइबर ठग ने पेंशनर को लगाया 1.05 लाख रुपये का चूना

कोषागार कर्मचारी बनकर साइबर ठग ने पेंशनर को 1.05 लाख रुपये का चूना लगा दिया। आरोपी ने ऑनलाइन जीवित प्रमाण पत्र अपडेट करने का झांसा देकर पीड़ित को झांसे में लिया।

साइबर ठगी को लेकर डा. बसंत कुमार गैरोला निवासी उत्तरांचल एंक्लेव हरिपुर नवादा ने नेहरू कॉलोनी थाने में केस दर्ज कराया। कहा कि बीते दिनों उनके पास दो अलग-अलग नंबरों से फोन आए। फोन करने वाले ने खुद को साइबर ट्रेजरी से जुड़ा बताया। कहा कि उनका जीवित प्रमाण पत्र अपडेट नहीं है।

पेंशन पाने के लिए प्रमाण पत्र अपडेट करना होगा। इसके बाद ही पेंशन जारी होगी। पेंशन अटकने की बात कही तो बुजुर्ग परेशान हो गए। उन्होंने समाधान पूछा तो आरोपी ने ऑन लाइन जीवित प्रमाण पत्र अपडेट करने का झांसा देकर बुजुर्ग से उनके खाते समेत कई जानकारियां लीं। इसके बाद 16 और 17 अक्तूबर को खाते से रकम कटी। बैंक से स्टेटमेंट लेने पर रकम कटने का पता लगा। इसके बाद उन्होंने केस दर्ज कराया। जिन दो नंबरों से पीड़ित को कॉल आई उनकी जानकारी भी उन्होंने पुलिस को दी हैं। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Back to top button