जन समस्याओं का त्वरित गति से किया जाए निदान – श्री केशव प्रसाद मौर्य

  • हर व्यक्ति की हर समस्या का हर सम्भव किया जायेगा निदान
    – श्री केशव प्रसाद मौर्य
  • उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने लगाया जनता दर्शन कार्यक्रम

लखनऊ: 22 जुलाई, 2024

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में आये फरियादियों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि हर व्यक्ति को हर समस्या का हर सम्भव निदान किया जायेगा। उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैम्प कार्यालय-7 कालीदास मार्ग पर विभिन्न जनपदों से आये लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होने जनसुनवाई के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को पूरी गम्भीरता से सुना तथा समस्याओं के निराकरण हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि समस्याओं का निराकरण इस प्रकार किया जाय कि समस्याग्रस्त व्यक्ति पूरी तरह से संतुष्ट रहें और उन्हें दुबारा कहीं भटकना न पड़े और बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने महिलाओं, दिव्यांगजनो, बुजुर्गों की समस्याओं व शिकायतों को सुना और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से निदान करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जनता दर्शन में भूमि विवाद, दुर्घटनाओं से संबंधित, अवैध कब्जे, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास आवंटन, भूमि पट्टा, कब्जा दिलाने, अतिक्रमण हटाने, सड़क बनवाने, विद्युत, अभियुक्तों की गिरफ्तारी कराने, उत्पीड़न आदि से संबंधित विभिन्न समस्याएं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने रखी। उप मुख्यमंत्री फरियादियों के पास खुद चलकर गये और एक एक व्यक्ति की समस्या को उनसे सीधे रू-ब-रू होकर सुना।

जनता दर्शन में सम्भल, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, पीलीभीत, हाथरस, अलीगढ़, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मैनपुरी, कन्नौज, प्रयागराज, हरदोई, आगरा, लखनऊ, देवरिया, बलरामपुर, जौनपुर रायबरेली, कासगंज, बिजनौर, शाहजहांपुर, कानपुर देहात, ललितपुर, इटावा, सीतापुर लगभग 3 दर्जन ज़िलों से कई सैकड़ा लोगों ने आकर अपनी समस्याएं रखी।

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्याओं के निस्तारण के बावत सम्भल, लखीमपुर व बदायुं के जिला अधिकारी, कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक व शासन के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता करते हुए यथोचित दिशा निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button