टोक्यो में दर्शकों के बिना होगा ओलंपिक, जापानी प्रधानमंत्री ने किया आपातकाल का ऐलान

कोरोना वायरस का खतरा ओलंपिक खेलों पर से टला नहीं है। सरकार ने बृहस्पतिवार को खेलों के समापन तक कोरोना आपातकाल का ऐलान किया है। टोक्यो में संक्रमण दर बढ़ने के कारण यह फैसला किया गया। अब ओलंपिक खेलों का आयोजन आपातकाल के बीच होगा। इससे पहले बुधवार को विशेषज्ञों के साथ हुई बैठक में सरकारी अधिकारियों ने अगले सोमवार से 22 अगस्त तक टोक्यो में आपातकाल लागू करने का प्रस्ताव रखा था।

कोरोना महामारी के कारण जापान की राजधानी टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों को एक साल के लिए टाल दिया गया था। कोविड-19 के मामले कम होने पर 23 जुलाई से आठ अगस्त तक खेलों के आयोजन पर सहमति बनी। इस बीच टोक्यो में  कोरोना के केस बढ़ने लगे। जिसके मद्देनजर सरकार ने आपातकाल का फैसला किया है। अब खेलों के दौरान विदेशी दर्शकों को प्रवेश नहीं मिलेगा और छह सप्ताह के आपातकाल से स्थानीय दर्शकों को अनुमति देने की संभावना भी लगभग खत्म हो गई है। हालांकि दर्शकों के प्रवेश को लेकर फैसला शुक्रवार को होगा, जब स्थानीय आयोजकों की अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति और अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात होनी है।

जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने कहा कि टोक्यो शहर में 12 जुलाई से लेकर 22 अगस्त तक इमरजेंसी लागू रहेगी। देश में भविष्य में संक्रमण के मामले फिर से न बढ़ें, इसके लिए आपात स्थिति लागू करना जरूरी है।

टोक्यो में बढ़े रहे कोरोना वायरस के मामले

टोक्यो में गुरुवार को कोरोना के 896 केस सामने आए। इससे पहले बुधवार को टोक्यो में कोविड 19 के 920 मामले सामने आए थे जोकि 13 मई के बाद एक दिन में आए सबसे ज्यादा मामले हैं।

Back to top button