प्रयागराज के बामपुर गंगा घाट में डूबने से 4 बच्चों की मौत, सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह प्रयागराज में हुए हादसे का संज्ञान लिया। गौरतलब है कि प्रयागराज में बामपुर गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह स्नान करने गए चार बच्चों की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रामनवमी पर हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गंगा में नहाने गए सात बच्चे अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में मस्ती का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और सभी बच्चे डूबने लगे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना बामपुर गांव के पास स्थित गंगा घाट की है, जहां सुबह करीब 11 बजे सातों बच्चे नहाने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि नहाते समय एक-दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में बाकी बच्चे भी पानी में उतरे, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई और सभी एक साथ डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों और आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने तत्काल साहस दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। उनकी मदद से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य बच्चों को भी पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-घाटों पर बच्चों को अकेले न जाने दें और गहरे पानी से दूर रहने की सावधानी बरतें।





