मुख्यमंत्री योगी ने प्लास्टिक तिरंगा न इस्तेमाल करने की ली शपथ..

देश भर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोरों से चल रही हैं. इस बार आजादी के 75वें साल का जश्न मनाया जाएगा. ऐसे में प्लास्टिक तिरंगा बंद करने के लिए देश भर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस अभियान का समर्थन किया है. उन्होंने खुद भी प्लास्टिक तिरंगे का प्रयोग ना करने की शपथ ली. साथ ही अपने समर्थकों और आम जनता से अपील की कि वो भी कभी प्लास्टिक के तिरंगे का इस्तेमाल ना करें.

इस मुहिम में हिस्सा लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता का प्रतीक हमारा राष्ट्रध्वज सभी भारतवासियों का गौरव है. आइए, हम सभी तिरंगे के सम्मान, पर्यावरण की रक्षा तथा राष्ट्र हित में प्लास्टिक के तिरंगे का प्रयोग कभी न करने की शपथ लें. जय हिंद-जय भारत!”

सीएम योगी ने आगे कहा कि, “अपनी सुंदर वसुधा, पालनहार प्रकृति एवं पर्यावरण की सुरक्षा हेतु प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने में ही भलाई है. स्वतंत्रता दिवस पर प्लास्टिक के तिरंगे का प्रयोग कदापि न करें. आइए, ‘प्लास्टिक मुक्त’ नए भारत का निर्माण करें.”

क्यों प्लास्टिक तिरंगे को कहें ना?
हर साल गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर कई समारोह के दौरान लोग प्लास्टिक के तिरंगे का इस्तेमाल करते हैं, लोग अपने बच्चों को भी प्लास्टिक के तिरंगे दे देते हैं. समारोह के बाद इन तिरंगों पर किसी का ध्यान नहीं जाता है और जाने अनजाने में लोग तिरंगे का अपमान कर बैठते हैं. प्लास्टिक के तिरंगे का विघटन भी मुश्किल होता है, जो हमारे पर्यावरण के लिए काफी हानिकारक है. इसलिए प्लास्टिक के तिरंगे का प्रयोग ना कर के हम पर्यावरण को तो बचाते ही हैं. साथ में तिरंगे की शान को भी बढ़ाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button