NATO से बाहर होगा अमेरिका? सहयोगियों पर भड़के ट्रंप

पश्चिम एशिया में जारी ईरान युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका नाटो (नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गेनाइजेशन) से बाहर निकलने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

ब्रिटेन के अखबार डेली टेलीग्राफ को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने यह बात कही। उनका कहना है कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में सहयोगी देशों का पूरा समर्थन नहीं मिला, जिससे वह नाखुश हैं। ट्रंप ने साफ संकेत दिया कि अब नाटो में बने रहने पर दोबारा सोचने की जरूरत नहीं है और अमेरिका इस गठबंधन से बाहर भी निकल सकता है।

नाटो को बताया ‘कागजी बाघ’

इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने नाटो की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह पहले से ही इस संगठन को लेकर आश्वस्त नहीं थे और इसे ‘कागजी बाघ’ मानते हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्हें हमेशा से लगता था कि नाटो उतना मजबूत नहीं है, जितना दिखता है। उन्होंने यह भी कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस बात को जानते हैं।

सहयोगियों के रुख से नाराज अमेरिका

ट्रंप का कहना है कि ईरान के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कई सहयोगी देश अमेरिका के साथ पूरी तरह खड़े नहीं हुए। इसी वजह से उन्होंने नाटो की उपयोगिता पर सवाल उठाए हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह नाटो में बने रहने पर फिर से विचार करेंगे, तो उन्होंने साफ कहा कि अब यह फैसला दोबारा सोचने से परे है।

Back to top button