PSL के पहले ही मैच में हुआ विवाद, हैरान रह गए मार्नस लाबुशेन
पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) का नया सीजन शुक्रवार से ही शुरू हुआ है और पहले ही मैच में विवाद हो गया। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हैदराबाद किंग्समेन और मौजूदा विजेता लाहौर कलंदर्स के बीच मैच खेला गया था। इस मैच में गेंद सफेद की जगह गुलाबी हो गई और इसी को लेकर विवाद हो गया।
हैदराबाद की टीम जब गेंदबाजी कर रही थी तब गेंद सफेद से गुलाबी रंग की हो गई। इसका कारण ये था कि हैदराबाद के खिलाड़ी अपनी जर्सी से गेंद को रब कर रहे थे जो क्रिकेट में काफी आम है। इसी दौरान उनकी जर्सी का रंग गेंद पर आ गया। ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया और इसी बात से हैदराबाद के कप्तान मार्नस लाबुशेन हैरान थे।
अंपायर से की शिकायत
लाबुशेन ने इस बात की शिकायत मैदानी अंपायर से की थी, लेकिन कुछ हुआ नहीं। हैरानी की बात ये है कि ऐसा दूसरे ओवर से ही होने लगा था। लाबुशेन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैंने दूसरे ओवर के बाद अंपायर से इस बात की शिकायत की थी कि ये क्या हो रहा है? गेंद लाल हो चुकी है। ये जरूर ही कपड़ों या कुछ और से हुआ है। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा।”
लाबुशेन ने उम्मीद जगाई है कि फ्रेंचाइजी के मालिक इस पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा, “मैंने ऐसा तो देखा है कि बैट से कुछ गेंद पर लग गया हो या पैड से पेंट निकलकर गेंद पर लग गया हो, लेकिन कपड़ों के साथ ऐसा कुछ मैंने पहले कभी नहीं देखा था। मुझे उम्मीद है कि वह लोग अगले कुछ मैचों में इसको सुधारेंगे।”
हैदराबाद का पोस्ट
हैदराबाद की टीम ये मैच तो नहीं जीत सकी, लेकिन मैच के बाद उन्होंने एक मजाकिया पोस्ट किया। लाहौर ने ये मैच 69 रनों से जीत लिया। मैच के बाद हैदराबाद ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “विपक्षी टीम को उनका पहला गुलाबी गेंद का मैच जीतने पर बधाई।”
इस मामले के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की जमकर जग हंसाई हो रही है। उसे जमकर ट्रोल भी किया जा रहा है। फैंस फ्रेंचाइजी के मालिक को भी आड़े हाथों ले रहे हैं और कह रहे हैं कि कोई कैसे इतनी खराब क्वालिटी के कपड़े अपनी टीम को दे सकता है।





