Home / खेल / टेस्ट और वनडे के बाद टी-20 में शुभमन युग की होगी शुरुआत

टेस्ट और वनडे के बाद टी-20 में शुभमन युग की होगी शुरुआत

मुंबई में मंगलवार को एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम टीम की घोषणा होते ही यह माना जा रहा है कि अब बीसीसीआई तीनों प्रारूप में एक ही कप्तान की रणनीति अपनाने जा रहा है। टेस्ट में शुभमन गिल कप्तान हैं और वनडे में वह उपकप्तान हैं। अब टी-20 में भी उन्हें उपकप्तान बनाने से यह लगभग तय हो गया है कि उन्हें भविष्य में तीनों प्रारूप में कप्तान के रूप में देख जा रहा है।

रोहित शर्मा फिलहाल वनडे में कप्तान हैं और सूत्रों की मानें तो इस साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध होने वाले वनडे सीरीज के बाद वह और विराट कोहली वनडे से संन्यास लेंगे। इसके बाद वनडे प्रारूप में शुभमन गिल ही भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे और 2027 में होने वाले विश्व कप में भारतीय टीम उनकी अगुआई में ही उतरेगी।

वहीं मौजूदा टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव 34 साल के हो गए हैं। 2026 टी-20 विश्व कप में अभी एक साल का समय बाकी है और माना जा रहा है कि इससे पहले टी-20 में भी शुभमन को कप्तान नियुक्त किया जाएगा। मुख्य कोच गौतम गंभीर और मौजूदा चयन समिति कप्तानी के मसले पर एकमत हैं।

गिल ने दिखाया दम
गिल पिछले साल अमेरिका और वेस्टइंडीज में हुए टी20 विश्व कप की चैंपियन भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने हालांकि आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया और फिर इंग्लैंड के टेस्ट दौरे में भी कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर कमाल का प्रदर्शन किया। गिल के नेतृत्व में टीम पांच मैचों की सीरीज को 2-2 से बराबर करने में सफल रही। उन्होंने इस दौरे पर 750 से ज्यादा रन बनाए।

गिल को उपकप्तान बनाए जाने पर मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने भी प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछली बार जब शुभमन ने टी-20 क्रिकेट खेला था तब वह उपकप्तान थे। यह पिछले विश्व कप के बाद की बात है इसलिए उस समय भी हम स्पष्ट रूप से इसी दिशा में सोच रहे थे। अगरकर के इस बयान से स्पष्ट है कि शुभमन उनकी योजना का हिस्सा लंबे समय से रहे हैं।

गिल ने अपनी पहली ही टेस्ट सीरीज में उम्मीदों से बढ़कर प्रदर्शन किया था और अगर सूर्यकुमार का बल्लेबाज के रूप में प्रदर्शन पिछले सत्र की तरह औसत रहता है तो शुभमन टी-20 में जल्दी ही कप्तान की भूमिका में दिख सकते हैं।

About Bhaskar Times

Check Also

IPL 2026 के बाद नहीं चल रहा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, 3 मैचों में बनाए सिर्फ इतने रन

5 IPL 2026 में अपने विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचाने वाले 15 …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com