सीएए के समर्थन में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने मोर्चा संभाला, दो हजार कार्यक्रम से बताएगा हकीकत

नागरिकता संशोधन कानून के राज्यसभा व लोकसभा में पास होने के बाद भी इसके विरोध को देखते हुए भाजपा ने मोर्चा संभाल लिया है। भारतीय जनता पार्टी इसको लेकर अब जन समर्थन हासिल करने में लगी है। भाजपा के तमाम दिग्गजों के साथ ही मुस्लिम राष्ट्रीय मंच भी सक्रिय हो गया है।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच अब देश भर में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) की हकीकत बताएगा। इसके लिए मंच करीब दो हजार कार्यक्रम का आयोजन करेगा। अमरोहा में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक मौलाना कौकब मुस्तबा ने बताया कि वह देश भर की मुस्लिम बस्तियों में दो हजार कार्यक्रम कर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जानकारी देंगे।

मौलाना कौकब अमरोहा के नौगावां सादात के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि निहित स्वार्थों के लिए देश के कुछ राजनीतिक दल सीएए पर मुस्लिम वर्ग को भड़काकर अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं। राष्ट्रीय मंच राष्ट्रवादी मुस्लिमों का संगठन है। यह संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा का संगठन है। इस संगठन को विश्व का सबसे अच्छा संगठन होने का गौरव प्राप्त है। इसके राष्ट्रीय संयोजक मुहम्मद अफजल एवं मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार हैं। इस संगठन का गठन 2002 में हुआ है। इसके बाद से ही यह संगठन बेहद सक्रिय भूमिका में रहता है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button