अस्पताल से लगातार भाग रहे है कोरोना संक्रमण से पीड़ित संदिग्ध मरीज, मरीजों के भागने का नया मामला आया सामने

 एक ओर जहां महाराष्ट्र में कोविड 19 (COVID 19) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर इस संक्रमण से पीड़ित संदिग्ध मरीजों के अस्पताल से लगातार भागने के मामले भी मीडिया में आ रहे हैं। रविवार को खतरनाक कोरोना वायरस के जहां दो और मामलों की पुष्टि हुई है, वहीं नवी मुंबई के पनवेल स्थित सरकारी अस्पताल से कोरोना के 11 संदिग्ध मरीजों के भाग जाने की खबर सामने आई है।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की तादाद 33 हो गई है और वैश्विक महामारी से ये प्रदेश सबसे बुरी तरह प्रभावित है। इससे पहले भी महाराष्ट्र के नागपुर में कोरोना वायरस के 5 संदिग्ध मरीज अस्पताल से फरार हो गए थे। कोरोना वायरस के लक्षण मिलने के बाद उन्हें मेयो अस्पताल में दाखिल किया गया था। इस मामले पर जानकारी देते हुए, SI सचिन सूर्यवंशी ने कहा कि, ‘कोरोना के 5 संदिग्ध मरीज थे। 1 की रिपोर्ट नेगेटिव थी, जबकि 4 की रिपोर्ट अभी आना शेष है। वे लोग नाश्ता करने के लिए गए थे। संदिग्ध मरीजों का कहना था कि उन्हें कोरोना के रोगियों के साथ नहीं रखा जाना चाहिए।’

रविवार को औरंगाबाद की एक 59 वर्षीय की महिला में वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ से भी शनिवार की रात को 5 नए मामले दर्ज किए गए थे। रविवार को एक और शख्स में वायरस पॉजिटिव पाया गया। 31 साल का ये व्यक्ति  हाल में दुबई और जापान से लौटा था।

Back to top button