उत्तराखंड रोडवेज की बसों का बढ़ा किराया, जानें क्या हैं नए रेट…

उत्तराखंड रोडवेज की बसों का किराया बढ़ गया है। रोडवेज की 60 फीसदी से ज्यादा बसों में पांच से लेकर 16 फीसदी तक किराया बढ़ गया है। किराया दिल्ली, यूपी, हरियाणा के साथ ही कुमाऊं मंडल से गढ़वाल और गढ़वाल मंडल से कुमाऊं मंडल में आवाजाही करने वाली बसों में बढ़ा है। ऐसी बसें जो सिर्फ उत्तराखंड के भू-भाग में चलती हैं, उनके किराये में बढ़ोतरी नहीं हुई है।

यूपी की बसों का किराया अभी तक एक रुपये पांच पैसे प्रति किमी था, जिसे यूपी के रोडवेज प्रबंधन ने अपडेट कर दिया है। इसका सीधा असर उत्तराखंड रोडवेज की बसों पर भी पड़ा है। क्योंकि उत्तराखंड की 60 फीसदी से ज्यादा बसें यूपी के भू-भाग से आवाजाही करती हैं, जिसमें किराया बढ़ गया है। सभी साधारण बसों का किराया मशीनों में अपडेट हो चुका है। वॉल्वो और एसी बसों का किराया भी बुधवार सुबह तक अपडेट हो जाएगा।

उत्तराखंड में इन स्टेशनों का बढ़ गया यात्री किराया 
उत्तराखंड के सभी स्टेशनों से दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेरठ, रुड़की, सहारनपुर, आगरा, लखनऊ, कानपुर समेत सभी ऐसे स्टेशनों का किराया बढ़ गया है, जिन तक पहुंचने के लिए यूपी का भू-भाग भी आता है।

यहां नहीं बढ़ा किराया 
देहरादून से हिमाचल, चंडीगढ़ और पंजाब जाने वाली बसों के किराये में इजाफा नहीं हुआ। दून से टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी से नैनीताल आदि तक जाने वाली बसों में किराया नहीं बढ़ा है।

यात्री किराये का ब्योरा
स्टेशन                   पहले    अब 

देहरादून से दिल्ली    375    420
देहरादून से रुड़की    115    120
देहरादून से सहारनपुर    100    110
ऋषिकेश से दिल्ली    380    420
हरिद्वार से दिल्ली    330    365
हल्द्वानी से दिल्ली    390    450
हल्द्वानी से देहरादून    500    530
कोटद्वार से दिल्ली    290    345
पिथौरागढ़ से दिल्ली    850    905
पिथौरागढ़ से देहरादून    955    985
रामनगर से दिल्ली    350    400
कोटद्वार से देहरादून    240    255
टनकपुर से दिल्ली    515    575
देहरादून से लखनऊ    765    890
देहरादून से कानपुर    745    870

उत्तराखंड के भीतर यात्री किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। यह किराया सिर्फ उन बसों का ही बढ़ा है, जो यूपी से होकर चलती हैं। सभी साधारण बसों में नया किराया मशीनों में अपडेट हो गया है। हाईटेक बसों का किराया भी रात तक अपडेट हो जाएगा। 

Back to top button