गुजरात की कार्यकारिणी बैठक में BJP ने रखा राज्य की सभी 26 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य..

गुजरात भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में भाजपा ने राज्य की सभी 26 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। कार्यकारिणी बैठक में सरकार की ओर से अवैध ब्याजखोरों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान छाया रहा। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए पार्टी ने मुख्यमंत्री व भाजपा अध्यक्ष के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया।

‘गुजरात विधानसभा चुनाव ने तय कर दिया लोकसभा का परिणाम’

सुरेंद्रनगर में आयोजित दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल, प्रभारी रत्नाकर, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष एवं सांसद डा सुधीर गुप्ता की मौजूदगी में हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि 27 साल के शासन के बाद भाजपा के सत्ता में लौटने पर शंका करने वालों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिकार्ड परिणाम देकर चौंका दिया। गुजरात का चुनाव परिणाम आगामी लोकसभा का परिणाम तय कर दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल ने कहा कि गत चुनाव में भाजपा व कांग्रेस के मतों का अंतर चार गुना बढ़ा है, 2017 के चुनाव में भाजपा व कांग्रेस को मिले मतों का अंतर 19 लाख था जो गत चुनाव में 80 लाख हो गया। भाजपा कार्यकर्ता सत्ता प्राप्त करने के लिए चुनाव मैदान में उतरते हैं, लेकिन चुनाव में जीत के बाद जनहित के काम में जुट जाते हैं, यही कारण है कि 27 साल से लगातार शासन में होने के बावजूद भाजपा के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं थी।

भाजपा के राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष डा. सुधीर गुप्ता ने कहा कि जनता का विश्वास जीतकर सरकार बनाना तथा फिर जनता से किये वादे पूरे करना हमारा संकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों से जो वादा किया था उसे पूरा करने के लिए सतत प्रयासरत हैं। प्रदेश प्रभारी रत्नाकर ने कहा कि 27 जनवरी को प्रधानमंत्री परीक्षा पे चर्चा करेंगे, इसमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने मंत्रालय के एक साल के कामकाज का यहां ब्यौरा पेश किया। संघवी ने बताया राज्य में निर्दोष नागरिकों को ब्याज के कुचक्र में फंसाकर परेशान करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। अब तक पुलिस ने राज्य में 1650 लोकदरबार लगाकर 650 से अधिक केस दर्ज किये हैं। सैकड़ों ब्याजखोर जेल में डाले गये हैं। संघवी ने बताया एक साल में पुलिस ने नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक का मादक पदार्थ पकड़ा है। संघवी ने अपराधियों को चेताया कि गुजरात में जो कायदे में रहेगा वही फायदे में रहेगा। या तो अवैध ब्याजखोरी छोड़ दें या फिर गुजरात छोड़कर चले जाएं।

Back to top button