गोरी मेम के किचेन में काली मिट्टी के बर्तन, मिल रहे लाखों के ऑर्डर

 खुर्जा के पॉटरी उत्पाद पहले से ही पूरी दुनिया में लोकप्रिय हैं। अब यहां के बने मिट्टी के बर्तन अमेरिका, ब्रिटेन तक की रसोई में खनक रहे हैं। दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ विदेशों से लाखों के आर्डर हर माह मिल रहे हैं। इसके अलावा शादी-पार्टी में प्रयोग होने वाले यूज एंड थ्रो उत्पादों की डिमांड भी विदेशों से बढ़ रही है। पिछले तीन माह में ही आर्डर दोगुना हुए हैं। इसके चलते यहां मिट्टी के बर्तनों की पूरी रेंज तैयार हो रही है।

ऐसे की थी शुरुआत

खुर्जा निवासी कारोबारी डा. रामअवतार ने वर्ष 2000 में सबसे पहले मिट्टी कला के नाम से अपनी पॉटरी शुरू की थी। उस समय तकनीक के अभाव में मिट्टी बर्तनों की गुणवत्ता बेहतर नहीं होने के कारण ये जल्दी टूट जाते थे। अपेक्षित फिनिशिंग न होने के कारण लोग एक-दो बार प्रयोग के बाद इन्हें फेंक देते थे। तकनीक आगे बढ़ी तो बर्तन सुंदर और मजबूत बनने लगे। इस समय खुर्जा में मिट्टी क्राकरी बनाने वाली करीब 40 इकाइयां हैं।

कुकवेयर पर हुआ फोकस

मांग बढ़ी तो रामअवतार और उनके बेटे रोहित ने मिट्टी के कुकवेयर पर फोकस किया। उन्होंने नाश्ता सेट, फुल डिनर सेट व मिट्टी के अन्य बर्तन बनाए। अनूठी कलाकारी के लिए 2018 में डा. राम अवतार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया था।

इन देशों में खासी मांग

खुर्जा के मिट्टी के बर्तनों की मांग भारत के साथ अमेरिका, यूएई, ब्रिटेन, नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका व अफगानिस्तान में लगातार बढ़ रही है। आर्डर का डाटा बताने से इन्कार करते हुए कारोबारी ने बताया कि एजेंटों के जरिए बर्तन विदेश भेजे जा रहे हैं।

यहांं क्राकरी हो रही तैयार

बर्तन बनाने में चिकनी मिट्टी और तालाब की काली मिट्टी का प्रयोग किया जाता है। इस मिश्रण से टी-सेट, कुकर, कढ़ाई, दाल हांडी, तवा, इडली कुकर, पे-कुकर, टिफिन, भगोना, डोंगा हॉट डोंगा, डिनर सेट, मसालेदानी, ड्राइ फ्रूट ट्रे, पानी का जग, सब्जी डोंगा, गिलास व चमचा आदि के अलावा सजावटी लैंप आदि भी बनाए जा रहे हैं। कारोबारी राजवीर सैनी बताते हैं कि इन बर्तनों की मांग देश-विदेश में बढ़ रही है। इसके चलते सभी तरह के बर्तन बनाए जाते हैं।

इनका कहना है

मिट्टी के बर्तनों में खाना बनाने से भोजन के पौष्टिक तत्व बरकरार रहते हैं। इसलिए मिट्टी के बर्तनों की मांग देश-विदेश में बढ़ रही है। विदेशों में भी आन डिमांड सप्लाई होती है।

Back to top button