Home / प्रदेश / उत्तरप्रदेश / बरेली में कोहरा और सर्दी का सितम जारी, 3.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा न्यूनतम तापमान

बरेली में कोहरा और सर्दी का सितम जारी, 3.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा न्यूनतम तापमान

बरेली में बीते दिनों धूप खिलने के बाद कोहरा और ठंड ने फिर पलटवार किया है। बृहस्पतिवार की तरह शुक्रवार को भी सुबह से कोहरा छा गया। बर्फीली हवा से ठिठुरन बढ़ गई है। बरेली में बृहस्पतिवार को दिन का तापमान छह डिग्री लुढ़ककर प्रदेश में सबसे कम 10.5 डिग्री दर्ज हुआ।

बरेली में बर्फीली हवा से ठिठुरन बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को दिन का पारा छह डिग्री लुढ़ककर प्रदेश में सबसे कम 10.5 डिग्री दर्ज हुआ जो इस सीजन का रिकॉर्ड है। रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। प्रदेश में तीसरी सबसे सर्द रात बरेली में रही। शुक्रवार को सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता बेहद कम रही है।

बृहस्पतिवार की सुबह कड़ाके की ठंड के साथ हुई। धूप निकलने की आस लगाए लोग सर्द हवा से ठिठुरते रहे। दिनभर घरों और प्रतिष्ठानों में लोग हीटर के भरोसे रहे। राहगीर अलाव और अंगीठी के सामने बैठकर ठंड से निजात पाने का प्रयास करते दिखे।

दिन के तापमान में भारी गिरावट हुई। जो सामान्य तापमान 21.1 डिग्री से 11 डिग्री सेल्सियस कम रहा। ढलती शाम के साथ सर्द मौसम कंपकंपाने लगा। ग्राहकों की आवक कम होने से बाजार भी रात आठ बजे से बंद होने लगे। सड़कों पर सन्नाटा सा रहा।

रात का पारा सामान्य तापमान 6.9 डिग्री से तीन डिग्री कम 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने और बर्फीली हवा शहर में प्रवेश करने से ठंड बढ़ी है।

कोहरा से दृश्यता शून्य, बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक रुहेलखंड में बीते दिनों अधिकतम तापमान में हुई बढ़त के साथ रात में पारा में गिरावट हुई। दो उत्तरोत्तर पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से अगले 5-6 दिनों में रात के तापमान में 4 से 6 डिग्री की क्रमिक बढ़त से शीतलहर से हल्की राहत के आसार हैं।

हालांकि, कोहरे के क्षेत्रफल और घनत्व में बढ़ोत्तरी होगी पर दिन चढ़ने के साथ छंटने से धूप निकलने से मौसम खुशगवार होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18-19 जनवरी को रुहेलखंड के जिन जिलों में अनुकूल माहौल बनेगा वहां रिमझिम और हल्की बारिश का अनुमान है।

कक्षा 8 तक के स्कूल 17 जनवरी तक बंद
भीषण ठंड और शीतलहर के कारण कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को 17 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए मान्य होगा। विद्यालय के समस्त शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को पूर्व की भांति विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।

इस अवधि के दौरान शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर महत्वपूर्ण विभागीय कार्यों, पंजिकाओं के अपडेशन और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों से संबंधित कार्यों को संपन्न करेंगे। बीएसए डॉ. विनीता ने बताया कि अब 17 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिए गए हैं।

About Bhaskar Times

Check Also

Lucknow Aliganj Fire Tragedy: 15 लोगों की मौत, सीएम योगी ने बनाई SIT, 4 गिरफ्तार

लखनऊ के अलीगंज में दर्दनाक अग्निकांड, 15 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com