भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया

5 बल्लेबाजों ने लगाया अर्धशतक

नई दिल्ली। भारत ने पांच टी-20 के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को ऑकलैंड में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 19 ओवर में 4 विकेट पर 204 रन बना लिए। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया।

इससे पहले पिछले साल इसी मैदान पर 159 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया था। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 26 जनवरी को इसी मैदान पर खेला जाएगा। भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा नाबाद 58 रन बनाए। लोकेश राहुल ने 56 और विराट कोहली ने 45 रन की पारी खेली।

वहीं, न्यूजीलैंड के लिए कॉलिन मुनरो ने 59, रॉस टेलर ने नाबाद 54 और केन विलियम्सन ने 51 रन की पारी खेली। टेलर ने 6 साल बाद टी-20 में अर्धशतक लगाया। उन्होंने पिछला अर्धशतक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2014 में लगाया था। तब 62 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने टी-20 में चौथी बार 200+ रन का लक्ष्य हासिल किया।

वह सबसे ज्यादा 4 बार ऐसा कर चुका है। भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो बार 200+ रन का लक्ष्य हासिल किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, बांग्लादेश और कतर ने एक-एक बार ऐसा किया। राहुल-कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की।

अय्यर और मनीष पांडेय ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 62 रन की साझेदारी की। मनीष 14 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले ओपनर रोहित शर्मा 7 रन बनाकर आउट हो गए। शिवम दुबे ने 13 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए ईश सोढ़ी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

टेलर ने विलियम्सन के साथ चौथे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। विलियम्सन ने 26 गेंद की पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, टेलर ने 27 गेंद की पारी में 3 चौके और 3 छक्के लगाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर ने 1-1 विकेट लिया।

मुनरो ने करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 42 गेंद की पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। शार्दुल की गेंद पर चहल ने मुनरो का कैच लिया। कॉलिन डी ग्रैंडहोम खाता खोले बगैर आउट हुए। जडेजा ने शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। टिम शिफर्ट (1) को बुमराह ने श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया।

इससे पहले गुप्टिल ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने मुनरो के साथ 7.5 ओवर में 80 रन की साझेदारी की। शिवम दुबे की गेंद पर रोहित शर्मा ने उनका कैच लिया। मुनरो ने चौथे ओवर में शार्दुल ठाकुर की छह गेंदों पर 18 रन बनाए। भारतीय प्लेइंग इलेवन में ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, नवदीप सैनी, वॉशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन को शामिल नहीं किया गया। पंत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली सीरीज में चोटिल हुए थे। उनकी जगह लोकेश राहुल ने विकेटकीपिंग की थी। इस मैच में भी वे ही कीपिंग करेंगे। न्यूजीलैंड के लिए हामिश बेनेट ने डेब्यू किया। वे 10 साल पहले करियर का पहला वनडे और टेस्ट खेले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button