मौसम जानकारी: आठ वर्षों में सबसे सर्द रही सोमवार की सुबह, जानें अगले दो दिनों के मौमस का हाल

दिल्ली में सोमवार की सुबह बीते आठ वर्षों में सबसे सर्द रही। ठंडे इलाकों से आने वाली हवा के चलते दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक कम रहा। दिल्ली में आमतौर पर फरवरी के महीने से गर्मी की शुरुआत का अहसास होने लगता है। लेकिन, इस बार सर्दियों का आलम लगातार बना हुआ है। खासतौर पर सुबह के समय लोगों को खासी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार के दिन दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही। हालांकि, दिन निकलने के साथ धूप तेज होने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। 

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। जबकि, न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। मौसम विभाग के पास मौजूद आंकड़ों के मुताबिक 3 फरवरी के लिए यह पिछले आठ सालों में सबसे ठंडी सुबह रही है। इससे पहले आमतौर पर न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहता रहा है।

आज हल्का कोहरा छाने का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों के बीच ठंड का ऐसा ही अहसास बना रहेगा। मंगलवार के दिन सुबह हल्का कोहरा होने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, बाद में आसमान साफ होने की संभावना है। इस दौरान तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से छह डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार छह से आठ किलोमीटर प्रतिघंटे के बीच हो सकती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक सोमवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 270 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है।

बीते आठ साल में 3 फरवरी को तापमान
वर्ष    अधिकतम    न्यूनतम
2019    18    9
2018    21    9
2017    23    9
2016    21    7
2015    24    13
2014    24    9
2013    24    9
2012    23    10

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button