लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में 3 किलोमीटर लम्बा रोप वे बनेगा

लखनऊ : जनेश्वर मिश्र पार्क में 3 किलोमीटर लंबा रोपवे बनाने की तैयारी है। इसके साथ पार्क में आर्ट गैलरी तथा डिजिटल लाइब्रेरी भी बनेगी। इसके लिए शुक्रवार को मुंबई की कंपनी ने एलडीए उपाध्यक्ष व जिला अधिकारी अभिषेक प्रकाश के सामने इसका प्रेजेंटेशन भी किया। कंपनी के अधिकारी शनिवार को जनेश्वर मिश्र पार्क को देखने भी जाएंगे।

जनेश्वर मिश्र पार्क को और सुंदर तथा उपयोगी बनाने की कवायद चल रही है। एलडीए उपाध्यक्ष व डीएम अभिषेक प्रकाश ने इसके लिए कुछ कंपनियों से प्रस्ताव मांगे थे। शुक्रवार को मुंबई की एक कंपनी ने पार्क को और बेहतर बनाने के संबंध में प्रेजेंटेशन किया। कंपनी ने प्रस्ताव में यहां एक रोपवे बनाने का सुझाव दिया है। उसने 3 किलोमीटर लंबा रोपवे बनाने की बात कही है। इसके साथ ही एक आर्ट गैलरी भी विकसित होगी। जिसमें लखनऊ के खानपान, ऐतिहासिक महत्त्व, लखनपुरी से लखनऊ बनने का इतिहास तथा स्वतंत्रता संग्राम में लखनऊ के योगदान से जुड़ी चीजें होंगी।

इसके साथ बच्चों के एडवेंचरस गेम व एम्यूज़मेंट पार्क भी होगा। एक बड़ी डिजिटल लाइब्रेरी भी बनाने का सुझाव दिया है। इसके संबंध में प्रेजेंटेशन भी किया। कंपनी के अधिकारी लखनऊ में ही रुके हैं। वह शनिवार को जनेश्वर मिश्र पार्क का निरीक्षण करेंगे। जिलाधिकारी ने पार्क का काम देखने वाले अधिशासी अभियंता को पार्क में हुए निर्माण का परीक्षण कराने का भी निर्देश दिया है। क्योंकि 5% से ज्यादा निर्माण नहीं हो सकता। अधिशासी अभियंता परीक्षण करेंगे कि अभी तक पार्क में कितना निर्माण हुआ है। 95% हरियाली रहना जरूरी है।

Back to top button