लोक सभा चुनावों से पहले कांग्रेस संगठन को कमजोर करने के लिए भाजपा ने बनाया यह प्लान..

उत्तराखंड में लोक सभा चुनावों से पहले कांग्रेस संगठन को कमजोर करने के लिए भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र के 50 कांग्रेसी बूथ अध्यक्षों को अपनी पार्टी में शामिल करेगी। पार्टी के प्रदेश संगठन की ओर से सभी जिला कार्यकारिणियों को यह लक्ष्य दिया गया है। विदित है कि भाजपा लोकसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर चुकी है। इस संदर्भ में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बाद प्रदेश कार्य समिति की बैठक भी हो चुकी है।

पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि लोकसभा चुनावों में 51 फीसदी मत हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने के साथ ही कांग्रेस के संगठन में भी सेंधमारी करने जा रही है। इसके लिए हर विधानसभा स्तर पर पचास ऐसे बूथ चिह्नित किए जा रहे हैं जहां कांग्रेस का संगठन मजबूत है। उन बूथों के अध्यक्ष के साथ ही कार्यकर्ताओं को भी भाजपा में लाने की योजना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी संगठन को और मजबूत करने के लिए हर विधानसभा के पचास बूथों पर कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष और उनके समर्थकों को भाजपा में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस अभियान की शुरूआत भी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी में आने वाले नेताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

Back to top button