शिवसेना नेता संजय राउत की आलोचना के बाद उद्धव से मिले सोनू सूद

प्रवासी मजदूरों को उनके घर भेजने का जिम्मा उठाने वाले बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की शिवसेना नेता संजय राउत ने अचोलना की थी। संजय राउत ने अपने एक बयान में कहा था कि सोनू सूद एक अभिनेता हैं, वो पैसे के लिए कुछ भी कर सकते हैं। अभिनय करना ही उनका पेशा है। इस अलोचना के बाद सोनू सूद ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की।

रविवार शाम सोनू सूद मातोश्री में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे से मिलने पहुंचे। मुलाकात के बाद सोनू सूद ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर पार्टी ने उनका समर्थन किया है और इसके लिए वो सभी को धन्यवाद देना चाहते हैं।

हालांकि जब सोनू सूद मातोश्री में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे से मुलाकात कर रहे थे तो उसी समय संजय राउत ने भी एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘आखिर सोनू सूद महाशय को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के घर का पता मिल गया है। मातोश्री पहुंच चुके हैं, जय महाराष्ट्र!’

वहीं मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम ने कहा कि लॉकडाउन में सूद ने बहुत अच्छा काम किया है। उनके काम की सराहना की जानी चाहिए। लेकिन ऐसा करने की बजाय शिवसेना सूद की आलोचना कर रही है।

भाजपा बोली महाराष्ट्रद्रोही है शिवसेना!
मुंबई भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आशीष शेलार ने भी शिवसेना पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो महाराष्ट्र में अच्छा काम कर रहे हैं उसे शिवसेना रोक रही है क्या यह महाराष्ट्र द्रोह नहीं है? सूद ने प्रवासी मजदूरों की मदद की। सूद के कार्य की प्रशंसा ही होनी चाहिए।

Back to top button