मलेशिया में भूस्खलन होने के चलते आठ लोगों की मौत और दर्जनों लोगों के फंसे होने की है आशंका

मलेशिया में शुक्रवार को हुए भूस्खलन में अबतक कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। शिविर स्थल पर भूस्खलन के बाद अभी तक 53 लोगों को बचाया गया। हालांकि अभी भी दर्जनों लोग फंसे हुए हैं। अग्निशमन और बचाव विभाग ने एक बयान में कहा कि राजधानी कुआलालंपुर के बाहरी इलाके में सेलांगोर राज्य में भूस्खलन हुआ है। सुबह 3 बजे एक फार्महाउस के पास एक सड़क के किनारे भूस्खलन होने से यह हादसा हुआ। 

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक दर्जनों लोग लापता हैं। अग्निशमन और बचाव विभाग ने बताया कि कई लोग घायल हैं। विभाग के अनुसार बचाव अभियान चालू कर दिया गया है और तेजी से लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है।

अग्निशमन विभाग के निदेशक नोराजम खमीस के अनुसार भूस्खलन के बाद कम से कम 31 लोगों को शिविर स्थल से बचाया गया है। उन्होंने कहा कि भूस्खलन कैंपसाइट के ऊपर 30 मीटर की अनुमानित ऊंचाई से हुआ और लगभग एक एकड़ के क्षेत्र को कवर किया।

बता दें कि यह आपदा राजधानी के उत्तर में स्थित बटांग कली जिले की एक पहाड़ी क्षेत्र जेंटिंग हाइलैंड्स में हुई। ये क्षेत्र अपने रिसॉर्ट्स और प्राकृतिक सुंदरता के लिए लोकप्रिय है। सेलांगोर देश का सबसे समृद्ध राज्य है और पहले भूस्खलन का सामना कर चुका है। इस क्षेत्र में यह घटनाएं बारिश के मौसम में अक्सर होती हैं, लेकिन रात भर कोई भारी बारिश या भूकंप नहीं दर्ज किया गया। 

Back to top button