2020 के आखिरी दिन निफ्टी 14 हजार अंक के पार, सेंसेक्स भी 47800 के रिकॉर्ड स्तर पर

मुंबई : साल के आखिरी कारोबारी दिन निफ्टी पहली बार 14 हजार के स्तर के पार पहुंचा। इससे पहले 24 नवंबर को इंडेक्स ने 13,055 के स्तर को पार किया था। निफ्टी मार्च के निचले स्तर से अब 84% ऊपर कारोबार कर रहा है। बता दें कि निफ्टी 23 मार्च को 13% फिसलकर 7,610 के स्तर पर बंद हुआ था। भारी विदेशी निवेश के चलते बाजार लगातार नए स्तरों को छू रहा है। निफ्टी इंडेक्स एक अक्टूबर से अबतक 22% तक ऊपर आ चुका है। इंडेक्स फिलहाल 13.40 अंक ऊपर 13,995.35 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसमें HDFC का शेयर 2.02% ऊपर 2,568.90 पर कारोबार कर रहा है। मारुति और ICICI बैंक के शेयरों में भी 1-1% की बढ़त है।

दूसरी ओर सीमेंट सेक्टर के प्रमुख शेयर श्री सीमेंट और अल्ट्राटेक सीमेंट गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। इनके शेयरों में 1-1% से ज्यादा की गिरावट है। इसी तरह TCS और टेक महिंद्रा के शेयर भी 1-1% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसके अलावा आज निफ्टी ऑटो इंडेक्स लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में मदरसन सूमी का शेयर 2.55% ऊपर 164.65 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा है।

दूसरी ओर BSE सेंसेक्स भी 58.19 अंक ऊपर 47,804.41 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि इंडेक्स ने इंट्राडे में 47,865.56 के उच्चतम स्तर को भी छुआ। यह इंडेक्स का ऑलटाइम हाई लेवल है। इंडेक्स में इंडसइंड बैंक, सन फार्मा, HDFC बैंक और रिलायंस के शेयर बढ़त को लीड कर रहे हैं। BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 188.12 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया है।

एक्सचेंज पर 2,977 कंपनियों के शेयरों में ट्रेड हो रहा है, जिसमें से 1,702 शेयर बढ़त और 1,106 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसमें 249 कंपनियों के शेयर एक साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचे। दूसरी ओर 388 कपंनियों के शेयरों में अपर सर्किट लगा।

Back to top button