दिसंबर 2020 में निर्यात में आई गिरावट, 7.6 फीसद बढ़ा आयात

नई दिल्ली: 2020 के आखिरी महीने दिसंबर में भारत के मर्चेंडाइड एक्सपोर्ट (Merchandise Export) यानी निर्यात में गिरावट आई है। हालांकि ये गिरावट बड़ी नहीं है। दिसंबर में निर्यात में 0.80 फीसद की मामूली गिरावट देखी गई है। वहीं आयात की बात करें तो दिसंबर में 7.6 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है। वाणिज्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक, आयात में सबसे ज्यादा 8.42 फीसदी की वृद्धि नॉन-ऑयल, नॉन-जेम्स और आभूषणों में देखी गई है।  आंकड़ों के अनुसार, पेट्रोलियम कंपनियों, चमड़े और समुद्री उत्पादों जैसे क्षेत्रों में गिरावट के कारण  भारत का निर्यात दिसंबर 2020 में 0.8 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 26.89 बिलियन अमरीकी डॉलर पर आ गया।

वाणिज्य मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार दिसंबर में आयात 7.6 प्रतिशत बढ़कर 42.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे व्यापार घाटा बढ़कर 15.71 अरब डॉलर पर हो गया। दिसंबर, 2019 में देश का निर्यात 27.11 अरब डॉलर और आयात 39.5 अरब डॉलर रहा था। नवंबर, 2020 में निर्यात में 8.74 प्रतिशत की गिरावट आई थी। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-दिसंबर की अवधि में देश का वस्तुओं का निर्यात 15.8 प्रतिशत घटकर 200.55 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में निर्यात का आंकड़ा 238.27 अरब डॉलर रहा था।  चालू वित्त वर्ष के पहले नौ माह में आयात 29.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 258.29 अरब डॉलर पर आ गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में आयात 364.18 अरब डॉलर रहा था।  मंत्रालय ने बयान में कहा, ”दिसंबर, 2020 में भारत शुद्ध आयातक रहा। इस दौरान व्यापार घाटा 15.71 अरब डॉलर रहा। दिसंबर, 2019 में व्यापार घाटा 12.49 अरब डॉलर रहा था। इस तरह व्यापार घाटा 25.78 प्रतिशत बढ़ा है।

Back to top button