Home / प्रदेश / उत्तरप्रदेश / उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नए ‘चौधरी’ होंगे पंकज चौधरी

उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नए ‘चौधरी’ होंगे पंकज चौधरी

उत्तर प्रदेश भाजपा को आज दोपहर तक नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और महराजगंज से 7 बार के सांसद पंकज चौधरी को निर्विरोध यूपी बीजेपी अध्यक्ष चुना गया है। सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि शनिवार दोपहर 3 बजे थी। इस पद के लिए पंकज चौधरी के अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं दाखिल किया। ऐसे में वह यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के इकलौते उम्मीदवार हैं।

औपचारिक घोषणा आज दोपहर
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल आज दोपहर 2 बजे लखनऊ के पार्टी मुख्यालय में पंकज चौधरी के नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मौजूद रहे और उन्होंने चौधरी के प्रस्तावक के रूप में पर्चा दाखिल किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी प्रस्तावकों में शामिल थे। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, यूपी सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्रदेव सिंह, सूर्य प्रताप शाही और बेबी रानी मौर्य ने भी पंकज चौधरी का नाम प्रस्तावित किया।

पंकज चौधरी ने दी प्रतिक्रिया
नए पद के बारे में पंकज चौधरी ने कहा कि आज पर्चा दाखिल हुआ है, स्क्रूटनी चल रही है। आधिकारिक घोषणा कल दोपहर 2 बजे केंद्रीय नेताओं द्वारा की जाएगी। उसके बाद आगे की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। पार्टी का जो भी निर्णय होगा, मैं पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।” उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर करने के अभियान का समर्थन भी किया। साथ ही कुर्मी वोट बैंक को बीजेपी के पक्ष में लामबंद करने के सवाल पर कहा कि पहले उन्हें जिम्मेदारी दी जाए, उसके बाद कार्ययोजना पर चर्चा होगी।

राजनीतिक और चुनावी महत्व
पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं, जो उत्तर प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का हिस्सा है और जिसका चुनावी प्रभाव महत्वपूर्ण माना जाता है। उनकी यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले गैर यादव OBC समुदायों को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

About Bhaskar Times

Check Also

Lucknow Aliganj Fire Tragedy: 15 लोगों की मौत, सीएम योगी ने बनाई SIT, 4 गिरफ्तार

लखनऊ के अलीगंज में दर्दनाक अग्निकांड, 15 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com