Home / प्रदेश / उत्तरप्रदेश / नए साल पर सौगात: बरेली की सिटी बसों में अब न्यूनतम किराया पांच रुपये

नए साल पर सौगात: बरेली की सिटी बसों में अब न्यूनतम किराया पांच रुपये

बरेली में सिटी बस सर्विसेज के तहत संचालित हो रहीं ई-बसों में यात्रा के लिए अब न्यूनतम पांच रुपये किराया देना होगा। संशोधित किराया एक जनवरी से लागू हो गया है। अब तक सिटी बस में न्यूनतम किराया 12 रुपये था। शहर के तीन रूटों के 60 स्टॉपेज पर ठहराव के बावजूद ई-बसें खाली दौड़ रही हैं। अब इसमें सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

सिटी बस सर्विसेज के तहत 25 ई-बसों का संचालन बरेली-मनौना, बरेली-शीशगढ़ और बरेली-शेरगढ़ के बीच किया जा रहा था। महानिदेशक नगरीय परिवहन सेवा के आदेश के बाद नवंबर मध्य में इन बसों का संचालन नगर निगम की सीमा के तहत शुरू कर दिया गया।

यात्रियों के फीडबैक में सामने आई ये बात
25 बसों के लिए शहर में तीन रूट और 60 स्टॉपेज तय किए गए। शहर में संचालन शुरू होने के बाद बसों में यात्रियों की संख्या रोजाना औसतन 2600 से घटकर 300-400 पर आ गई। बसों में यात्रियों की संख्या कम होने का कारण जानने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक चौधरी ने 14 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई। फीड बैक में सामने आया कि ऑटो, ई-रिक्शा के मुकाबले ई-बसों में किराया ज्यादा है। निदेशक मंडल की बैठक में ई-बसों में कम सवारियां और किराये के मामले को रखा गया।

विचारविमर्श के बाद मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में ई-बसों में तीन किलोमीटर तक की यात्रा के लिए न्यूनतम किराया 12 से घटाकर पांच रुपये करने को स्वीकृति दे दी गई। 14 से 19 किलोमीटर तक के लिए पहले 35 रुपये किराया देना होता था। अब इस दूरी की यात्रा के लिए 25 रुपये किराया अदा करना होगा।

शहर में निर्धारित रूट और ठहराव स्थल
स्वालेनगर से जंक्शन वाया सौफुटा, पीलीभीत बाइपास : 17 किलोमीटर के इस रूट पर 25 स्टॉपेज हैं। इस रूट पर स्वालेनगर मिनी बाइपास-जंक्शन के बीच बसें कर्मचारी नगर, भास्कर हॉस्पिटल, बसंत बिहार चौराहा, इज्जतनगर तिराहा, आईवीआरआई, ट्यूलिप, डेलापीर चौराहा, वीर सावरकर नगर, तुलाशेरपुर, सौफुटा रोड तिराहा, संजयनगर, सुरेश शर्मा नगर, डोहरा रोड, रुहेलखंड विवि, बीसलपुर चौराहा, सतीपुर चौराहा, सेटेलाइट बस अड्डा, खुर्रम गौटिया, बियावानी कोठी, गांधी उद्यान, प्रभा टॉकीज, चौकी चौराहा, कलक्ट्रेट पर ठहराव लेंगी।

स्वालेनगर से जंक्शन वाया डेलापीर-महादेव पुल: 13 किलोमीटर के इस रूट पर 18 स्टॉपेज होंगे। बसें कर्मचारी नगर, भास्कर हॉस्पिटल, वसंत बिहार चौराहा, इज्जतनगर तिराहा, आईवीआरआई, ट्यूलिप, डेलापीर चौराहा, झूलेलाल द्वार, सलेक्शन प्वाइंट, धर्मकांटा, लल्ला मार्केट, कोहाड़ापीर, नावल्टी चौराहा, अय्यूब खां चौराहा, चौकी चौराहा, कलक्ट्रेट पर ठहराव लेंगी।

झुमका तिराहे से सेटेलाइट बस अड्डा वाया चौपुला-गांधी उद्यान : 16 किलोमीटर के इस रूट पर 17 स्टॉपेज तय किए गए हैं। बसें झुमका तिराहा से परसाखेड़ा, मथुरापुर, जीटीआई, सीबीगंज, मिनी बाइपास, सत्य प्रकाश पार्क, दूल्हा मियां की मजार, सिटी रेलवे स्टेशन, चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, प्रभा टॉकीज, गांधी उद्यान, बियावानी कोठी, खुर्रम गौटिया स्टॉपेज पर ठहराव लेंगी।

शहर के 60 स्टॉपेज पर हर 15 मिनट में बस
शहर के तीन रूटों पर ई-बसों के लिए 60 स्टॉपेज निर्धारित किए गए हैं। 25 बसों का संचालन इस तरह किया जा रहा है कि प्रत्येक स्टॉपेज पर हर 15 मिनट में अप-डाउन की बस मिल सके। यात्रियों की सुविधा के लिए सिटी बस सर्विसेज ने ई-बस सेवा नाम से मोबाइल एप भी लांच कर दिया है। बसों की सटीक लोकेशन मोबाइल एप पर भी देखी जा सकती है।

प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित ने बताया कि निदेशक मंडल ने सिटी बसों में न्यूनतम किराया 12 रुपये से घटाकर पांच रुपये करने को स्वीकृति दे दी है। संशोधित किराया एक जनवरी से लागू हो जाएगा। शहर के लोगों को बेहतर सेवा देने के लिए कुछ अन्य प्रस्तावों पर भी जल्द निर्णय होगा।

About Bhaskar Times

Check Also

Lucknow Aliganj Fire Tragedy: 15 लोगों की मौत, सीएम योगी ने बनाई SIT, 4 गिरफ्तार

लखनऊ के अलीगंज में दर्दनाक अग्निकांड, 15 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com