यूपी सरकार ने बदला इस गांव का नाम, बहरावती की जगह लगेगा पृथ्वीपुरा का बोर्ड
उत्तर प्रदेश सरकार ने आगरा के किरावली क्षेत्र के ग्राम नगला बहरावती का नाम बदलकर ‘पृथ्वीपुरा’ कर दिया है। राज्यपाल की मंजूरी और गजट प्रकाशन के बाद अब सभी राजस्व अभिलेखों में नया नाम दर्ज किया जाएगा।
आगरा के तहसील किरावली क्षेत्र के ग्राम नगला बहरावती के नाम बदले जाने की लंबे समय से चल रही प्रक्रिया पर उत्तर प्रदेश शासन ने अंतिम मुहर लगा दी है। प्रदेश की राज्यपाल ने राजस्व संहिता की शक्तियों का प्रयोग करते हुए नगला बहरावती का नाम बदलकर अब पृथ्वीपुरा कर दिया है।
प्रमुख सचिव अपर्णा यू की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट ने नवंबर 2023 में प्रस्ताव भेजा था, जिसे आगरा के मंडलायुक्त और राजस्व परिषद ने अपनी संस्तुति दी थी। मामले में भारत सरकार के गृह मंत्रालय से 22 जनवरी को अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने के बाद शासन ने यह कदम उठाया है।
ग्राम पंचायत की भूमि प्रबंध समिति ने भी पूर्व में गांव के नाम में बदलाव का प्रस्ताव पारित किया था। शासन ने स्पष्ट किया है कि नाम परिवर्तन का प्रभाव राजस्व ग्राम से संबंधित किसी भी न्यायालय में लंबित विधिक कार्रवाई पर नहीं पड़ेगा। गजट में प्रकाशन के साथ ही अब सरकारी अभिलेखों में गांव का नया नाम पृथ्वीपुरा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रधान प्रतिनिधि डॉ. जितेंद्र सिंह इंदौलिया और ग्रामीणों ने नाम बदले जाने पर खुशी जताई है।





