Home / प्रदेश / उत्तरप्रदेश / Rinku Singh को सीएम योगी ने दी बड़ी जिम्मेदारी, इस पद पर मिली नियुक्ति

Rinku Singh को सीएम योगी ने दी बड़ी जिम्मेदारी, इस पद पर मिली नियुक्ति

लखनऊ : भारतीय क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को खेल कोटे के तहत रिंकू का नियुक्ति पत्र जारी किया हालांकि, वह अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। खेल विभाग के निदेशक डॉ. आर. पी. सिंह ने मीडिया को बताया कि रिंकू सिंह इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी फ्रेंचाइजी से जुड़े कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। 

खेल निदेशालय में जल्द कार्यभार ग्रहण करेंगे रिंकू सिंह
उन्होंने कहा कि रिंकू ने जल्द ही लखनऊ आकर खेल निदेशालय में कार्यभार ग्रहण करने की बात कही है। खेल निदेशक के अनुसार, रिंकू को उनकी योग्यता के अनुरूप कार्यक्षेत्र दिया जाएगा ताकि वह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अपनी सेवाएं जारी रखते हुए अपने प्रशासनिक दायित्व भी निभा सकें। राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, पांच खिलाड़ियों को लक्ष्मण पुरस्कार और चार खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया। 

सीएम योगी ने इन खिलाड़ियों को भी दिए नियुक्ति पत्र
अधिकारियों के मुताबिक, हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को पुलिस उपाधीक्षक, पैरा एथलीट अजीत सिंह और सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी तथा पैरा एथलीट प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी पद के लिए नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा, हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह, जिम्नास्ट अभिजीत कुमार, पहलवान जोंटी कुमार, पैरा कैनोइंग खिलाड़ी यश कुमार और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार के तहत प्रत्येक खिलाड़ी को तीन लाख 11 हजार रुपये, कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। 

बयान के अनुसार, विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 14 खिलाड़ियों को भी पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी विनय को 40 लाख रुपये, वुशु खिलाड़ी विक्रांत बालियान, निशानेबाज सागर दांगी, पर्वतारोही दीपक कुमार और लेफ्टिनेंट जनरल भानु पाठक को 15-15 लाख रुपये दिए गए। इसके अलावा, सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी तनुश्री पांडे व ओम यादव को क्रमशः 14 लाख और 12 लाख रुपये, हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल और पैरा कैनोइंग खिलाड़ी यश कुमार को 10-10 लाख रुपये प्रदान किए गए। 

सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी मुस्कान यादव को छह लाख, कयाकिंग एवं कैनोइंग खिलाड़ी अभय सिंह को पांच लाख, निशानेबाज श्रवण कुमार को तीन लाख, निशानेबाज यश तोमर और ईशान खान को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। कार्यक्रम में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सिमरन शर्मा और हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार की सराहना की।

About Bhaskar Times

Check Also

Lucknow Aliganj Fire Tragedy: 15 लोगों की मौत, सीएम योगी ने बनाई SIT, 4 गिरफ्तार

लखनऊ के अलीगंज में दर्दनाक अग्निकांड, 15 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ …

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com