UP: कल से फिर बदली-बारिश के आसार, बढ़ेगी ठंड

मौसम एक बार फिर करवट बदलने की तैयारी में है। मौसम निदेशक जेपी गुप्त के अनुसार सोमवार 6 जनवरी से बुधवार 8 जनवरी के बीच प्रदेश के विभिन्न अंचलों में बदली छायेगी और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, इसकी वजह से ही प्रदेश में बदली-बारिश के आसार बन रहे हैं।

रविवार 5 जनवरी को दिन में धूप निकली जबकि रात में और सोमवार की सुबह घना कोहरा छाया रहने के आसार  हैं।  बीते 24 घण्टों के दौरान पूर्वी अंचलों में कही-कहीं छिटपुट बारिश हुई। जबकि पश्चिमी अंचलों में मौसम सूखा रहा। शुक्रवार की रात प्रदेश में सबसे कम 5 डिग्री सेल्सियस तापमान मुजफ्फरनगर में दर्ज किया गया।

राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में शनिवार को सुबह धूप निकली मगर दोपहर में फिर बदली छा गयी। अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ व बरेली मण्डलों में भी दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी।

प्रयागराज में रात के बराबर हुई दिन की ठंड
क्या दिन और क्या रात, शहर में सर्दी के सितम ने दिन और रात के पारे का अंतर बहुत घटा दिया है। दिन और रात की ठंड लगभग एक जैसी हो गई है। बूंदाबांदी के साथ बर्फीली हवा चलने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान का अंतर काफी कम हो गया है। इससे दिन और रात की ठंड बराबर हो गई है।

शनिवार को पूरे दिन धूप नहीं निकली। आसमान में बादल छाए रहे। बीच में एक-दो बार बूंदाबांदी भी हुई। बर्फीली हवा चलने से लोग गलन से बेहाल रहे। न्यूनतम तापमान शुक्रवार की रात तकरीबन एक डिग्री नीचे आया। 13.8 डिग्री से 12.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, शनिवार को दिन में गलन के चलते अधिकतम तापमान 18.5 से खिसककर 16.8 डिग्री पर पहुंच गया। शनिवार को दिन और रात के तापमान में करीब चार डिग्री का अंतर दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अभी अगले दो-तीन दिनों तक मौसम का यही हाल रहेगा। धूप निकलने के आसार नहीं है। बूंदाबांदी के साथ बर्फीली हवा चलेगी। इससे दिन में भी गलन बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button