जनता दर्शन में बोले मुख्यमंत्री जनसमस्याओं को प्राथमिकता दें अफसर, करें समाधान,
![](https://bhaskartimes.com/wp-content/uploads/2023/02/janta-darshan-gorakpur-780x470.webp)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह जनसमस्याओं के प्रति अत्यधिक संवेदनशीलता दिखाएं। उनका समाधान प्राथमिकता के साथ तत्काल सुनिश्चित करें। क्योंकि हर नागरिक की समस्या का निस्तारण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
रविवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर के दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्या सुनने के दौरान नसीहत भरा यह निर्देश मुख्यमंत्री अधिकारियों को दे रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 300 लोगों की समस्या सुनीं और समाधान के लिए आश्वस्त किया। लोगों की समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस निर्देश के साथ दिया कि उनका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री जनता दर्शन में आए लोगों के पास खुद गए और उनकी समस्या सुनी। जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने इसे लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह आर्थिक मदद की औपचारिकता पूरी करने में लोगों की मदद करें, जिससे समय से धनराशि उपलब्ध कराई जा सके। समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर जनता दर्शन में आने वालों में सर्वाधिक संख्या महिलाओं की रही। महिलाओं के साथ आए छोटे बच्चों को मुख्यमंत्री दुलारा और चाकलेट दिया।