अब दिल्ली और मुंबई में भी बर्ड फ्लू का कहर , अब तक 9 राज्यों में मचा हड़कंप

नई दिल्ली: एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू लगातार पांव पसार रहा है और इस तरह से यह अब देश के नौ राज्यों में फैल चुका है। केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश के बाद अब दिल्ली और महाराष्ट्र में भी बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में लिए गए सैंपलों में से 8 की पुष्टि हो गई है। दिल्ली के पशुपालन विभाग ने कहा है कि मृत कौवों और बत्तखों के आठ नमूनों के परीक्षण के बाद दिल्ली में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। एवियन फ्लू के लिए सभी नमूनों का परीक्षण सकारात्मक रहा। वहीं, मुंबई में भी आज ही इसकी पुष्टि हुई है। इसे देखते हुए अब सभी राज्यों ने सतर्कता बढ़ा दी है। देश में बर्ड फ्लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। विदेश मामलों की संसदीय समिति आज इस पर बैठक करेगी। यह समिति देश में पशु टीका की उपलब्धता और  पशु चिकित्सा सेवाओं की स्थिति पर चर्चा करेगी।

पशुपालन विभाग के मुताबिक, दिल्ली में बर्ड फ्लू से हुई पक्षियों की मौत में अभी तक आई 8 सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। दिल्ली में 3 जगह की पक्षियों की रिपोर्ट पॉजिटिव है, मयूर विहार फेज 3, द्वारका सेक्टर 9, संजय झील। इन तीनों जगह के सैंपल भोपाल भेजे गए थे। हालांकि, जालंधर की रिपोर्ट अभी नहीं आयी है। संजय झील को अलर्ट जोन घोषित किया जा चुका है। वहां अब तक 27 बतख की मौत हो चुकी है। तीनों DDA के पार्क हैं और उन्हें सील कर दिया गया है।

महाराष्ट्र में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है।  इस तरह से महाराष्ट्र को लेकर देश के नौ राज्य बर्ड फ्लू की चपेट में आ चुके हैं। महाराष्ट्र के परभणी जिले के मुरुंबा गांव स्थित पॉल्ट्री फार्म में करीब 800 मुर्गियों की मौत हो गई, जिसके बाद इनके नमूने जांच के लिए भेजे गए। इसमें सामने आया कि मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू के कारण हुई है। रिपोर्ट सामने आते ही प्रशासन अलर्ट हो गया है।

Back to top button