लॉकडाउन तोड़ने पर दाती महाराज को किया गया गिरफ्तार

नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन के नियमों को तोड़ने के आरोप में शनिधाम के संस्थापक दाती महाराज को गिरफ्तार किया है। दाती महाराज पर आरोप है कि उन्होंने दक्षिणी दिल्ली के एक मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग भी तार-तार हो गई। दाती महाराज पहले भी विवादों में रहे हैं।

शुक्रवार को असोला स्थित दाती महाराज के शनिधाम मंदिर में हुए आयोजन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर हो रही थीं। उनके खिलाफ इस संबंध में केस भी दर्ज हुआ था।

दिल्ली पुलिस ने इसी सिलसिले में दाती महाराज को गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए दाती महाराज ने लोगों को मंदिर में जुटाया।

मैदान गढ़ी पुलिस स्टेशन में दाती महाराज और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।

पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि शुक्रवार को शनिधाम मंदिर के मुख्य पुजारी दाती महाराज ने कुछ अन्य लोगों के साथ रात साढ़े 7 बजे कार्यक्रम आयोजित किया था।

दाती महाराज के खिलाफ महामारी ऐक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज हुआ था। जांच में पता चला कि दाती महाराज के कहने पर ही मंदिर में लोगों की भीड़ जुटी थी। मंदिर के सामने चस्पा पोस्टर में लिखा था कि शनि जयंती महोत्सव पर श्रद्धालु 22 मई को मंदिर में आएं।

Back to top button