शिकंजा : रेपिस्टों का साथ देने वाली महिला पकड़ी, आरोपी फरार

महिला को कार में अगवाकर 17 दिनों तक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने सहयोग करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह महिला पीड़िता की सहेली है। हालांकि अभी भी इस मामले में तीनों मुख्य आरोपी फरार हैं।

सिहानी गेट थाने में दर्ज मुकदमे में पीड़िता ने बताया था कि सितंबर-2019 में वह मायके आई थी। क्षेत्र में रहने वाले डेयरी कारोबारी की पत्नी से उसकी दोस्ती थी। छह सितंबर को सहेली पीड़िता को बाजार जाने के नाम पर साथ ले गई थी। कुछ दूर गई तो सहेली का पति कार लेकर आ गया। पीड़िता ने बताया कि कार में एक और व्यक्ति था। कार में बैठते ही आरोपियों ने उसे कुछ सूंघा दिया। इससे वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो वह एक कमरे में थी। आरोप है कि मुकेश और दो अन्य आरोपियों ने बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की।

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर करीब 17 दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी उसे 23 सितंबर को फर्रुखाबाद में छोड़कर फरार हो गए। वहां से आने के बाद पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना चक्कर लगाए, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो महिला आयोग की शरण ली। सिहानी गेट थाना प्रभारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की सहेली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शादी का झांसा देकर युवती से 4.50 लाख की ठगी

ट्रांस हिंडन (प्रमुख संवाददाता) | इंदिरापुरम में एक युवती को घर पर ऑनलाइन खाने के ऑर्डर की आपूर्ति देने आए एक युवक ने सोशल मीडिया पर संपर्क कर दोस्ती की। युवक ने खुद को रेस्तरां का मालिक बताकर युवती को शादी का झांसा देकर 4.50 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित युवती ने पुलिस में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

इंदिरापुर में एक युवती ने दिसंबर 2018 में ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए घर पर खाना मंगवाया था। एक युवक खाना देकर चला गया। मई 2019 में उस युवक ने उनसे सोशल मीडिया पर संपर्क किया। उन्हें खुद को रेस्तरां का मालिक बताया। दोनों सोशल मीडिया पर बातचीत करने लगे और बाद में मुलाकतें भी हुईं। युवक ने शादी करने का झांसा दिया। अपनी एक महिला मित्र से भी उन्हें मिलवाया। उसके बाद उसने अपने घर के मरम्मत के नाम पर उनसे 4.50 लाख रुपये ऐंठ लिए और दूरियां बना लीं। उन्होंने पता किया, तो जानकारी हुई कि जिस महिला से उसने उन्हें मिलवाया था, वह उसकी प्रेमिका है। दोनों मिलकर लोगों को झांसा देकर ठगी करते हैं। युवक शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।

Back to top button