नवविवाहिता ने फांसी लगा कर जान दी

हमीरपुर। शादी के बाद मेंहदी का रंग उजड़ने से पहले सुहाग के चले जाने से आहत नवविवाहिता ने सदमे में आकर गुरुवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। पड़ोस की रहने वाली इन नवविवाहिता ने प्रेम विवाह किया था। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं नवविवाहिता की मां ने ससुरालियों पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है।

शहर के पुराना यमुना घाट मोहल्ला निवासी रामभवन (22) पुत्र बब्बूलाल पड़ोसी नत्थू निषाद की पुत्री आरती (20) प्रेम कर बैठा। इसकी जानकारी जैसे ही आरती की मां किसनिया को लगी तो उसने बेटी को घर से निकाल दिया। मृतक रामभवन के पिता बब्बूलाल ने बताया कि आरती को घर से बाहर निकालने पर उसने उसे अपना लिया। नाते रिश्तेदारों के साथ पिछले 26 जनवरी को दोनों की मंदिर में शादी करा दी। बेटे और बहू की जिंदगी मजे से गुजर रही थी। तभी 20 अप्रैल को उसके बेटे रामभवन की तबियत गड़बड़ा गई। शरीर में बड़े बड़े फफोले पड़ गए। इस पर वह सदर अस्पताल ले गया जहां निमोनिया होने की बात कह चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। बब्बू ने बताया कि इस घटना से बहू आरती सदमे में आ गई। वह सभी लोग उसे समझाते रहे, लेकिन वह गुमसुम रहने लगी।

गुरुवार सुबह वह पुत्र छोटे को लेकर बेतवा नदी किनारे सब्जी की बारी में चला गया। इस बीच आरती ने अपनी सास शांती को नहाने के लिए शैम्पू दिया। जैसे ही वह अंदर बाथरूम मेें नहाने गई तभी उसने दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर फांसी लगा ली। इस मामले में आरती की मां किसनिया और पिता नत्थू ने ससुरालियों पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर सीओ सदर अनुराग सिंह व कोतवाल श्याम सरोज पटेल पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में सीओ अनुराग सिंह ने कहा कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button