Sirsa News: एनएच-9 पर डोडा पोस्त सहित चार युवक गिरफ्तार
सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत सीआईए सिरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-9 स्थित पतली डाबर बस स्टैंड के पास चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 52 किलो 690 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है, जिसे दो बड़े प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखा गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह, गुरदेव सिंह, अमृतपाल सिंह और फौजी उर्फ देवीलाल के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी राजस्थान के टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव तंदूरवाली के निवासी बताए गए हैं, जबकि एक आरोपी फौजी उर्फ देवीलाल गांव पन्नीवाली का रहने वाला है।
ऐसे हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम एनएच-9 पर गश्त और जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को बस स्टैंड के पास चार युवक संदिग्ध हालत में दो भारी प्लास्टिक के कट्टों के साथ दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तुरंत उन्हें रोक लिया और पूछताछ शुरू की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर राजपत्रित अधिकारी डीएसपी राजेश कुमार को भी बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में दोनों कट्टों की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें एक कट्टे से 26 किलो 630 ग्राम और दूसरे कट्टे से 26 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
मध्यप्रदेश से लाई गई थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह डोडा पोस्त उन्होंने मध्यप्रदेश से खरीदा था। इसके बाद वे ट्रेन और बस के जरिए यात्रा करते हुए सिरसा पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, इस नशे की खेप को आगे ऐलनाबाद क्षेत्र में सप्लाई करने की योजना थी।
आगे की जांच जारी
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ डिंग पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, सप्लाई चैन कैसे काम करता है, और आगे यह नशा किस-किस तक पहुंचाया जाना था।





