पूर्व मंत्री व अग्रवाल समाज के नेता मांगेराम  गुप्ता ने सुबह अपने निवास स्थान पर अंतिम ली सांस

जींद, जेएनएन। हरियाणा के पूर्व मंत्री व अग्रवाल समाज के नेता मांगेराम  गुप्ता का निधन हो गया। वह 85 साल के थे। उन्‍होंने शुक्रवार सुबह जींद के गांधी नगर स्थित अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। वह पिछले समय से काफी बीमार चल रहे थे। उनका चंडीगढ़ में इलाज चल रहा था। उनके निधन से जींद में शोक छा गया है।

मांगेराम गुप्‍ता को कल रात ही जींद लाया गया था। उनका अंतिम संस्कार दोपहर एक बजे बनखंड महादेव श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके निधन की खबर के बाद उनके निवास स्‍थान पर नेताओं और लोगों का तांता लग गया। लोग उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि देनेे पहुंचे।

मांगेराम गुप्ता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, जींद विधायक डॉ कृष्ण मिढ़ा, सफीदों विधायक सुभाष गंगोली, बीजेपी नेता राजीव जैन सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे।

मांगेराम गुप्ता चार बार विधायक रहे और तीन बार हरियाणा के मंत्री रहे। वह भजनलाल सरकार में स्‍थानीय निकाय मंत्री और वित्त मंत्री रहे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में वह परिवहन व शिक्षा मंत्री रहे। जींद क्षेत्र और हरियाणा की राजनीति में मागेराम गुप्‍ता का महत्‍वपूर्ण स्‍थान था।

दुष्‍यंत चौटाला के साथ मांगेराम गुप्‍ता। (फाइल फोटो)

बीते विधानसभा चुनाव से पहले बेटे महावीर गुप्‍ता के साथ दुष्‍यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी में शामिल हुए थे। उनके बेटे महावीर गुप्‍ता जींद विधानसभा क्षेत्र से जजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे , लेकिन हार गए थे। मांगे राम गुप्ता ने कुल आठ बार विधानसभा चुनाव लड़े थे और चार बार जीते।

पहली बार 1977 में निर्दलीय रूप से चुनाव जीत कर विधायक बने थे। इसके बाद वह 1991, 2000 और 2005 में  कांग्रेस की सीट पर जीतकर विधायक बने। 2005 के बाद से वह राजनीति में ज्यादा सक्रिय नहीं थे। जींद उपचुनाव में सभी पार्टियों ने चुनाव  लड़ने के लिए उनके घर दस्तक दी थी उसके बाद  से कुछ सक्रिय नजर आए थे। मांगेराम गुप्‍ता के निधन पर वि‍भिन्‍न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों ने शोक व्‍यक्‍त किया है।

Back to top button